दोपहिया वाहन निर्माता इंडिया यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ने अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर EC-06 की कीमत 1,67,600 (एक्स-शोरूम दिल्ली) घोषित की। इसके साथ ही कंपनी ने भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेगमेंट में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर लिया है।
2 फरवरी को लॉन्च किया गया EC-06 एक बार चार्ज करने पर 169 किलोमीटर की प्रमाणित रेंज देता है। शुरुआती चरण में इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री यामाहा के प्रीमियम ब्लू स्क्वेयर शोरूम्स के माध्यम से चुनिंदा शहरों में की जाएगी। यह स्कूटर फिलहाल ब्लूइश व्हाइट रंग में उपलब्ध होगा।
कंपनी के अनुसार, EC-06 की शुरुआत यामाहा के कार्बन-न्यूट्रलिटी लक्ष्यों को मजबूत करती है और यह भारत के उत्सर्जन मानकों व हरित, आत्मनिर्भर भविष्य के विज़न के अनुरूप है।
यामाहा मोटर इंडिया ग्रुप के चेयरमैन हाजिमे आओटा ने कहा, “EC-06 शहरी सतत मोबिलिटी की दिशा में यामाहा की यात्रा का एक महत्वपूर्ण कदम है। भारत सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में देश तेजी से कार्बन-न्यूट्रल भविष्य की ओर बढ़ रहा है और यामाहा हाई क्वालिटी वाले इलेक्ट्रिक इनोवेशन के जरिए इस राष्ट्रीय एजेंडे का सपोर्ट करने पर गर्व महसूस करता है।”
कंपनी ने बताया कि EC-06 का लॉन्च भारत में तेजी से विकसित हो रहे ईवी इकोसिस्टम, प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार को ध्यान में रखते हुए किया गया है।