हेल्थ और वेलनेस प्लेटफॉर्म Cult.fit ने एक नए फंडिंग राउंड में ₹440 करोड़ (करीब 47 मिलियन डॉलर) जुटाए हैं। इस राउंड का नेतृत्व Temasek ने अपनी निवेश इकाई MacRitchie के जरिए किया है। यह निवेश लगभग दो साल के अंतराल के बाद आया है और माना जा रहा है कि यह कंपनी का IPO से पहले आखिरी प्राइवेट फंडिंग राउंड हो सकता है।
रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (RoC) में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, बेंगलुरु में स्थित कंपनी ने 483.62 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 90 लाख से अधिक Series G कंपल्सरी कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर जारी किए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी करीब 50 मिलियन डॉलर जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही थी।
2016 में स्थापित Cult.fit एक हाइब्रिड फिटनेस मॉडल पर काम करती है, जिसमें डिजिटल सेवाओं के साथ-साथ फिजिकल फिटनेस सेंटर्स भी शामिल हैं। इसके ऐप के जरिए यूजर्स जिम, ग्रुप क्लासेस और वर्चुअल ट्रेनिंग जैसी सेवाओं का सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं। कंपनी वर्तमान में भारत के 300 से ज्यादा शहरों में मौजूद है।
अब तक Cult.fit ने Zomato, Tata Digital, Temasek, Kalaari Capital और South Park Commons जैसे निवेशकों से 720 मिलियन डॉलर से अधिक फंड जुटाया है। इस नए निवेश के बाद Temasek की कंपनी में हिस्सेदारी 11.88% हो गई है।
कंपनी ने अपने आने वाले IPO के लिए Goldman Sachs, Morgan Stanley, Axis Capital, Jefferies और JM Financial जैसे निवेश बैंकों को नियुक्त किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी करीब ₹2,500 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है, जिससे इसकी वैल्यू करीब 2 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है।
मार्च 2025 में समाप्त वित्त वर्ष में Cult.fit की ऑपरेटिंग रेवेन्यू में 31% की बढ़ोतरी होकर ₹1,216 करोड़ हो गई। वहीं, इस दौरान कंपनी का घाटा 10% घटकर ₹480.8 करोड़ रह गया।
पिछले साल नेतृत्व में हुए बदलाव के तहत, को-फाउंडर नरेश कृष्णास्वामी को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया, जबकि को-फाउंडर मुकेश बंसल ने एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका संभाली।