Euler Motors की FY26 में 110% रेवेन्यू ग्रोथ, 402 करोड़ पहुंचा कारोबार

Euler Motors की FY26 में 110% रेवेन्यू ग्रोथ, 402 करोड़ पहुंचा कारोबार

Euler Motors की FY26 में 110% रेवेन्यू ग्रोथ, 402 करोड़ पहुंचा कारोबार
यूलर मोटर्स ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार परफॉरमेंस करते हुए अपना रेवेन्यू 110% बढ़ाकर 402 करोड़ कर लिया और बिक्री में 181% की वृद्धि दर्ज की गई।

इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल स्टार्टअप यूलर मोटर्स (Euler Motors) ने वित्त वर्ष 2025-26 में दमदार परफॉरमेंस करते हुए अपने राजस्व को दोगुना से ज्यादा बढ़ा लिया है। कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू FY25 के 191 करोड़ रुपये से बढ़कर FY26 में 402 करोड़ हो गया, जो 110% की सालाना वृद्धि को दर्शाता है। इस दौरान कंपनी ने कुल 7,576 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे, जो पिछले साल के 4,172 यूनिट्स के मुकाबले 181% की उल्लेखनीय बढ़ोतरी है।

कंपनी की इस तेज़ ग्रोथ के पीछे लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स सेक्टर से मजबूत मांग रही, जहां वाहन की विश्वसनीयता और कमाई की क्षमता प्रमुख कारक हैं। FY26 में यूलर मोटर्स (Euler Motors) ने लगातार तिमाही दर तिमाही भी बढ़त दर्ज की, जिसमें वॉल्यूम औसतन 38% और रेवेन्यू 43% QoQ बढ़ा।

वित्तीय वर्ष 26 (FY26) कंपनी के चार पहिया सेगमेंट के लिए भी अहम रहा, जहां टर्बो ईवी (Turbo EV 1000) को शुरुआती सफलता मिली और इसकी 2,084 यूनिट्स बिकीं। इस सेगमेंट में कंपनी ने 25.9% मार्केट शेयर हासिल किया। कुल बिक्री में 3W कार्गो के 3,088 यूनिट, 4W कार्गो के 2,728 यूनिट और 3W पैसेंजर के 1,760 यूनिट शामिल रहे।

कंपनी की कुल आय ₹433 करोड़ रही, जिसमें 31 करोड़ नॉन-ऑपरेटिंग इनकम (मुख्य रूप से ब्याज) शामिल है। वहीं, कुल खर्च बढ़कर 741 करोड़ हो गया, जिसमें मटेरियल कॉस्ट 356 करोड़ रही। कर्मचारियों पर खर्च 40% बढ़कर ₹104 करोड़ और डिप्रिसिएशन व फाइनेंस कॉस्ट में भी क्रमशः 98% और 57% की वृद्धि दर्ज की गई।

हालांकि कंपनी अभी भी घाटे में है, लेकिन इसमें सुधार देखा गया है। FY25 में -138% के मुकाबले FY26 में घाटा घटकर -77% (रेवेन्यू के प्रतिशत के रूप में) रह गया। कंपनी का नेट लॉस ₹308 करोड़ रहा, जबकि EBITDA मार्जिन में 56 प्रतिशत अंकों का सुधार होकर -62.9% पर पहुंच गया। यूनिट इकॉनॉमिक्स भी बेहतर हुई है, जहां प्रति ₹1 कमाई पर खर्च ₹2.42 से घटकर ₹1.84 हो गया।

यूलर मोटर्स के फाउंडर और सीईओ सौरव कुमार ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए “अर्ली एडॉप्शन से अर्ली स्केल” में ट्रांजिशन का साल रहा। उन्होंने बताया कि 3W कार्गो सेगमेंट में कंपनी ने मजबूत आधार बनाया है और 4W कार्गो सेगमेंट में Turbo EV 1000 के जरिए प्रोडक्ट-मार्केट फिट साबित हुआ है।

हीरो मोटोकॉर्प(Hero MotoCorp), जीआईसी(GIC), लाइट रॉक (Lightrock) और ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट (British International Investment) जैसे निवेशकों द्वारा समर्थित Euler Motors अब तक $200 मिलियन से अधिक फंड जुटा चुकी है। कंपनी इस पूंजी का उपयोग मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और प्रोडक्ट इनोवेशन को बढ़ाने में कर रही है।

FY27 के लिए कंपनी को उम्मीद है कि कुल वॉल्यूम में कम से कम 40% की वृद्धि होगी, जिसमें 4W कार्गो ईवी सेगमेंट का योगदान और बढ़ेगा। Euler Motors देशभर में 200 से अधिक टचपॉइंट्स तक अपने नेटवर्क का विस्तार करने और लागत दक्षता में सुधार जारी रखने की योजना बना रही है। 

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities