महिंद्रा ने ई-थ्री व्हीलर बाजार में बढ़ाई बढ़त

महिंद्रा ने ई-थ्री व्हीलर बाजार में बढ़ाई बढ़त

महिंद्रा ने ई-थ्री व्हीलर बाजार में बढ़ाई बढ़त
अप्रैल 2026 में भारत के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बाजार में 64,549 यूनिट्स की रिटेल बिक्री दर्ज हुई, जिसमें महिंद्रा, बजाज और टीवीएस ने मजबूत परफॉरमेंस दिया।

भारत के इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर रिटेल बाजार ने अप्रैल 2026 में स्थिर वृद्धि दर्ज की है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) के अनुसार, अप्रैल 2026 में देशभर में कुल 64,549 इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर रजिस्ट्रेशन हुए, जो अप्रैल 2025 के 62,489 यूनिट्स की तुलना में 3.30 प्रतिशत अधिक है। वहीं, मार्च 2026 के मुकाबले भी बाजार में 1.58 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह डेटा 3 मई 2026 तक 1,466 में से 1,463 आरटीओ से प्राप्त रिटेल आंकड़ों पर आधारित है, जिसमें तेलंगाना के रजिस्ट्रेशन शामिल नहीं हैं।

अप्रैल 2026 में महिंद्रा ग्रुप ने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर रिटेल बाजार में अपनी मजबूत बढ़त बनाए रखी। कंपनी ने 10,292 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष अप्रैल के 5,633 यूनिट्स की तुलना में 82.71 प्रतिशत अधिक है। मार्च 2026 के मुकाबले भी कंपनी की बिक्री में 10.32 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

महिंद्रा ग्रुप के भीतर महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड ने 10,269 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड का योगदान 23 यूनिट्स रहा।

बजाज ऑटो ने 9,725 यूनिट्स की बिक्री के साथ दूसरा स्थान बरकरार रखा। कंपनी ने साल-दर-साल आधार पर 76.53 प्रतिशत और मासिक आधार पर 7.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की।

टीवीएस मोटर कंपनी ने प्रमुख ओईएम्स में सबसे तेज वृद्धि दर्ज की। कंपनी की बिक्री अप्रैल 2025 के 1,207 यूनिट्स से बढ़कर अप्रैल 2026 में 3,046 यूनिट्स हो गई, जो 152.36 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्शाती है।

वाईसी इलेक्ट्रिक व्हीकल ने अप्रैल 2026 में 1,932 यूनिट्स की बिक्री की, लेकिन कंपनी की बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 42.60 प्रतिशत की गिरावट रही।

साएरा इलेक्ट्रिक ऑटो प्राइवेट लिमिटेड ने 1,388 यूनिट्स की बिक्री की, जो सालाना आधार पर 22.59 प्रतिशत कम रही। वहीं, दिल्ली इलेक्ट्रिक ऑटो प्राइवेट लिमिटेड की बिक्री 1,327 यूनिट्स रही, जिसमें 24.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

पियाजियो व्हीकल्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपेक्षाकृत स्थिर प्रदर्शन करते हुए 1,181 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.51 प्रतिशत अधिक रही।
टेरा मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 763 यूनिट्स की बिक्री के साथ 33.86 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की।हुगली मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड ने 716 यूनिट्स की बिक्री की और 75.92 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हासिल की। अतुल ऑटो लिमिटेड ने अप्रैल 2026 में 702 इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स बेचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में 57.05 प्रतिशत अधिक है।

एफएडीए (FADA)  के अनुसार, अप्रैल 2026 में कुल थ्री-व्हीलर रिटेल बाजार में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स की हिस्सेदारी 60.4 प्रतिशत रही, जो अप्रैल 2025 में 62.7 प्रतिशत थी। हालांकि, मार्च 2026 के 57.9 प्रतिशत के मुकाबले इसमें सुधार देखा गया।

“Others” श्रेणी ने अप्रैल 2026 में 28,568 यूनिट्स का योगदान दिया, हालांकि इस श्रेणी में सालाना आधार पर 17.62 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। कुल मिलाकर, अप्रैल 2026 के आंकड़े बताते हैं कि इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बाजार में महिंद्रा ग्रुप, बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर जैसी संगठित कंपनियों का दबदबा लगातार मजबूत हो रहा है, जबकि कई छोटे निर्माताओं पर बिक्री का दबाव बना हुआ है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities