भारत की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2027 (FY27) के लिए 1,500 करोड़ से अधिक के कैपेक्स की योजना बनाई है। कंपनी इस निवेश के जरिए इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और तेजी से बढ़ते स्कूटर सेगमेंट में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ नए प्रोडक्ट लॉन्च की तैयारी कर रही है।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार, स्कूटर सेगमेंट में मजबूत मांग को देखते हुए उत्पादन क्षमता को दोगुना किया जा रहा है। वहीं, ईवी सेगमेंट में भी कंपनी तेजी से विस्तार कर रही है, जहां Vida ब्रांड के तहत कई नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर लॉन्च किए जाएंगे। आंध्र प्रदेश के श्री सिटी प्लांट में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को दोगुना करने की योजना है।
FY26 में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के बाद कंपनी अब हाई-ग्रोथ सेगमेंट्स खासकर ईवी और आईसीई (ICE) स्कूटर्स पर ध्यान दे रही है। ईवी स्कूटर सेगमेंट में कंपनी की बिक्री FY26 में 2.5 गुना बढ़ी है। कंपनी ने हाल ही में अपनी ईवी उत्पादन क्षमता 15,000 यूनिट प्रति माह से बढ़ाकर 25,000 यूनिट प्रति माह कर दी है और आगे और विस्तार की तैयारी है।
स्कूटर पोर्टफोलियो में भी
हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने तेजी से विस्तार किया है। डेस्टिनी स्कूटर की क्षमता में 50% की वृद्धि की गई है, जबकि आईसीई (ICE) स्कूटर Zoom की क्षमता को दोगुना किया जा रहा है। FY26 में कंपनी के स्कूटर वॉल्यूम्स में 48% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई।
1,500 करोड़ के इस निवेश में क्षमता विस्तार के अलावा नए ईवी, प्रीमियम मोटरसाइकिल्स और स्कूटर लॉन्च, ब्रांड बिल्डिंग और डिजिटल टेक्नोलॉजी पर भी ध्यान दिया जाएगा। कंपनी कनेक्टेड व्हीकल प्लेटफॉर्म, GenAI आधारित कस्टमर इंटरफेस और लो-एमिशन पावरट्रेन (जैसे फ्लेक्स-फ्यूल) में भी निवेश कर रही है।
इसके अलावा, Hero MotoCorp दक्षिण भारत में दूसरा ग्लोबल PATH (Parts, Accessories and Merchandising) सेंटर स्थापित करने के लिए ₹700 करोड़ से अधिक का निवेश करेगी, जिससे उसके आफ्टरमार्केट और एक्सेसरी बिजनेस को मजबूती मिलेगी।
इंडस्ट्री ट्रेंड के अनुसार, FY26 में दोपहिया बाजार लगभग 10% बढ़कर 2.1 करोड़ यूनिट्स के पार पहुंच गया, जबकि इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की ग्रोथ 20% से अधिक रही। FY27 में ईवी पेनेट्रेशन 8–10% तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे हीरो मोटोकॉर्प अपने ईवी और स्कूटर सेगमेंट में मजबूत स्थिति बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।