ऑटो कंपोनेंट निर्माता उनो मिंडा लिमिटेड (Uno Minda Limited) ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चार-पहिया यात्री वाहनों के लिए हाई-वोल्टेज इलेक्ट्रिक पावरट्रेन उत्पादों के निर्माण हेतु एक नए ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना की घोषणा की है। यह सुविधा कंपनी की सहायक इकाई उनो मिंडा ऑटो इनोवेशन्स प्राइवेट लिमिटेड (Uno Minda Auto Innovations Private Limited) के माध्यम से स्थापित की जाएगी, जहां इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट्स (EDUs) और डेडिकेटेड हाइब्रिड ट्रांसमिशन (DHT) सिस्टम का निर्माण और असेंबली की जाएगी।
कंपनी ने बताया कि यह विस्तार एक प्रमुख एंकर ग्राहक से मिले नए ऑर्डर्स के सपोर्ट में किया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 550 करोड़ का निवेश किया जाएगा, जिसे कर्ज और इक्विटी के मिश्रण से वित्तपोषित किया जाएगा। पूंजीगत निवेश अगले दो वर्षों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और प्लांट का संचालन वित्त वर्ष 2028 की दूसरी तिमाही (Q2 FY28) तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह हाल के महीनों में उनो मिंडा ऑटो इनोवेशन (Uno Minda Auto Innovations) द्वारा घोषित दूसरा ईवी पावरट्रेन प्लांट होगा। कंपनी पुणे के खेड़ सिटी में भी एक नई इकाई स्थापित कर रही है, जिसके वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में शुरू होने की उम्मीद है।
कंपनी के अनुसार, यह विस्तार बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (BEV), हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहन (HEV), प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक वाहन (PHEV) और रेंज-एक्सटेंडेड ईवी (REEV) जैसे उन्नत इलेक्ट्रिफाइड पावरट्रेन की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
इस विकास पर टिप्पणी करते हुए उनो मिंडा ऑटो इनोवेशन (Uno Minda Limited) के मैनेजिंग डायरेक्टर रवि मेहरा (Ravi Mehra) ने कहा कि कंपनी भारत में हाई-वोल्टेज सिस्टम्स के लोकलाइजेशन को बढ़ाते हुए ईवी पावरट्रेन टेक्नोलॉजी में अपनी निर्माण क्षमता और उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है।