Emoha और Epoch Elder Care जैसे वरिष्ठ नागरिक देखभाल (Elder Care) ब्रांड्स की मूल कंपनी Age Care Labs ने अपनी सीरीज B1 फंडिंग में 85 करोड़ रुपये (करीब 90 लाख डॉलर) जुटाए हैं। इस निवेश दौर में Rainmatter (Zerodha), Pegasus Finvest, Shrem Group और कई प्रमुख फैमिली ऑफिसों ने भाग लिया।
यह सीरीज B1 फंडिंग कंपनी की 250 करोड़ रुपये (करीब 3 करोड़ डॉलर) की बड़ी सीरीज B निवेश योजना का हिस्सा है, जिसे 2027 की पहली तिमाही में पूरा करने की योजना है।
कंपनी इस नई पूंजी का उपयोग अपने एकीकृत एल्डर केयर प्लेटफॉर्म को मजबूत बनाने के लिए करेगी। इसके तहत सेवाओं का विस्तार, नई तकनीकों में निवेश, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और पूरे भारत में अपने कारोबार का तेजी से विस्तार करना शामिल है।
निवेश के साथ-साथ Shrem Group ने Age Care Labs के साथ रणनीतिक साझेदारी भी की है। दोनों कंपनियां मिलकर "Shremoha" नाम से एक प्रीमियम सीनियर इंडिपेंडेंट लिविंग प्लेटफॉर्म शुरू करेंगी, जिसका उद्देश्य भारत में तेजी से बढ़ती वरिष्ठ नागरिक आबादी की जरूरतों को पूरा करना है।
यह नया प्लेटफॉर्म Shrem Group की रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और दीर्घकालिक निवेश की विशेषज्ञता को Emoha के जेरियाट्रिक (वरिष्ठ नागरिक) देखभाल के अनुभव के साथ जोड़ेगा। इसके तहत ऐसी आधुनिक सीनियर लिविंग कम्युनिटीज विकसित की जाएंगी, जहां वरिष्ठ नागरिक स्वतंत्र रूप से रह सकेंगे और उन्हें वेलनेस सेवाएं, निवारक स्वास्थ्य सेवाएं, हॉस्पिटैलिटी, आपातकालीन सहायता तथा पेशेवर देखभाल जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
भारत में बढ़ती जीवन प्रत्याशा, बदलते पारिवारिक ढांचे और पेशेवर रूप से संचालित रिटायरमेंट कम्युनिटीज की बढ़ती मांग के कारण वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक आवास की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। यह साझेदारी इसी अवसर का लाभ उठाते हुए ऐसे प्रीमियम आवास विकसित करने का लक्ष्य रखती है, जहां वरिष्ठ नागरिक स्वतंत्र जीवन जीने के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और सामुदायिक सहयोग का लाभ उठा सकें।
Emoha के, को-फाउंडर और सीईओ सौम्यजीत रॉय ने कहा कि कंपनी ने होम केयर, असिस्टेड लिविंग और विशेष देखभाल जैसे क्षेत्रों में मजबूत अनुभव विकसित किया है। उनके अनुसार Shremoha कंपनी के विजन का अगला महत्वपूर्ण चरण है।
उन्होंने कहा, "Emoha का उद्देश्य हमेशा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, स्वतंत्रता और खुशी के साथ जीवन जीने में मदद करना रहा है। Shremoha के माध्यम से हम इस अनुभव को वरिष्ठ नागरिकों के स्वतंत्र आवास क्षेत्र तक ले जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य ऐसे समुदाय बनाना है, जहां वरिष्ठ नागरिक केवल देखभाल प्राप्त न करें, बल्कि सक्रिय, सामाजिक रूप से जुड़े और बेहतर जीवन का अनुभव करें।"
Shrem Group के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर नितन छतवाल ने कहा कि भारत का सीनियर लिविंग बाजार तेजी से बदलाव के दौर में प्रवेश कर रहा है।