हार्ड रॉक इंटरनेशनल (Hard Rock International) ने भारत में जेएसएम कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (JSM Corporation Pvt Ltd) और उससे जुड़ी इकाइयों के साथ अपने समझौतों को औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही जेएसएम कॉर्पोरेशन (JSM Corporation) के पास देशभर में हार्ड रॉक कैफ़े (Hard Rock Café) और Rock Shop संचालित करने के अधिकार खत्म हो गए हैं।
इस फैसले से बेंगलुरु (सेंट मार्क्स रोड), बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट, व्हाइटफील्ड, चंडीगढ़, चेन्नई, हैदराबाद, हैदराबाद हाईटेक सिटी, कोलकाता, नई दिल्ली और पुणे जैसे शहरों में स्थित कई आउटलेट प्रभावित होंगे। ये सभी कैफे और रिटेल ऑपरेशन्स पहले जेएसएम कॉर्पोरेशन द्वारा हार्ड रॉक ब्रांड के तहत संचालित किए जाते थे।
हालांकि, हार्ड रॉक होटल गोवा ( Hard Rock Hotel Goa) इस निर्णय से प्रभावित नहीं होगा, क्योंकि यह जेएसएम कॉर्पोरेशन (JSM Corporation) के समझौते का हिस्सा नहीं था और इसे एक अलग व्यवस्था के तहत संचालित किया जा रहा है।
हार्ड रॉक इंटरनेशनल (Hard Rock International) ने फिलहाल भारत में प्रभावित कैफे आउटलेट्स के भविष्य के संचालन ढांचे को लेकर कोई घोषणा नहीं की है।
जेएसएम कॉर्पोरेशन (JSM Corporation) की स्थापना जय सिंह और संजय महतानी ने की थी। यह कंपनी भारत में वैश्विक रेस्तरां ब्रांड्स लाने वाली शुरुआती हॉस्पिटैलिटी कंपनियों में से एक रही है और लंबे समय से Hard Rock International के साथ फ्रेंचाइजी साझेदारी के तहत देश के कई बड़े शहरों में Hard Rock Café आउटलेट्स संचालित करती रही है।