मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक (Montra Electric) ने हरियाणा के मानेसर स्थित अपने उत्पादन प्लांट से 65 हेवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों (e-HCVs) की पहली खेप रवाना कर दी है। यह डिलीवरी कंपनी को मिले 260 इलेक्ट्रिक ट्रकों के बड़े ऑर्डर का पहला चरण है, जिन्हें देश के प्रमुख औद्योगिक फ्रेट कॉरिडोर में व्यावसायिक रूप से तैनात किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, यह कदम सीमित पायलट प्रोजेक्ट्स से आगे बढ़कर बड़े पैमाने पर कमर्शियल फ्लीट इलेक्ट्रिफिकेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पहली खेप में शामिल Rhino 5538 ईवी मॉडल का उपयोग खनन, सीमेंट, स्टील और निर्माण सामग्री जैसे क्षेत्रों की लॉजिस्टिक्स आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक ने बताया कि 260 वाहनों के इस ऑर्डर में शामिल शेष 195 इलेक्ट्रिक ट्रकों की डिलीवरी भी आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।
ये हेवी-ड्यूटी इलेक्ट्रिक ट्रक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक पावरट्रेन और इंटीग्रेटेड टेलीमैटिक्स सिस्टम से लैस हैं, जो लंबी दूरी के माल परिवहन के दौरान बेहतर परफॉरमेंस, अधिक परिचालन दक्षता और उच्च अपटाइम सुनिश्चित करने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं।
मोन्ट्रा इलेक्ट्रिक के मैनेजिंग डायरेक्टर जलज गुप्ता ने कहा कि भारत का कॉरपोरेट लॉजिस्टिक्स सेक्टर अब संरचनात्मक रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनका कहना है कि इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन स्थानीय वितरण लागत को कम करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और टिकाऊ परिवहन प्रणाली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।