भारत में अर्बन एयर मोबिलिटी को नई दिशा देते हुए द ईप्लेन कंपनी (The ePlane Company) ने घोषणा की है कि वह एनवीडिया (NVIDIA) की उन्नत तकनीक के सहयोग से देश की पहली इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी विकसित कर रही है। कंपनी अपने e200x विमान का उच्च-प्रेसिशन “डिजिटल ट्विन” तैयार कर रही है, जो एयरोस्पेस सिमुलेशन के लिए नया मानक स्थापित करेगा।
यह पहल भारत में इलेक्ट्रिक एविएशन और स्वदेशी एयरोस्पेस क्षमता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। डिजिटल ट्विन तकनीक के जरिए इंजीनियर जटिल एयरोडायनामिक्स, सेंसर रिस्पॉन्स और उड़ान स्थितियों का अत्यधिक सटीक सिमुलेशन कर सकेंगे, जिससे वास्तविक परीक्षण से पहले लाखों किलोमीटर की वर्चुअल उड़ान संभव होगी।
कंपनी ऑनबोर्ड कंप्यूटिंग के लिए एनवीडिया (NVIDIA) के उन्नत प्लेटफॉर्म का उपयोग करेगी, जो कैमरा और रडार जैसे कई सेंसरों से डेटा फ्यूजन, निर्णय-निर्माण और विज़ुअलाइजेशन को सक्षम बनाता है। यह प्रणाली अत्यधिक जटिल परिस्थितियो जैसे खराब मौसम, सेंसर फेल्योर और टकराव जोखिम के परीक्षण को सुरक्षित और कम लागत वाला बनाती है।
सत्या चक्रवर्ती, संस्थापक एवं सीटीओ, ने कहा कि यह सहयोग डिजिटल और वास्तविक दुनिया के बीच की दूरी को कम करेगा और विमानन सुरक्षा के नए मानक स्थापित करेगा। वहीं बख्ताकोलाहलन श्यामसुंदर (Bakthakolahalan Shyamsundar) ने इसे “सुरक्षा के लिए टाइम मशीन” बताते हुए कहा कि डिजिटल परीक्षण से एल्गोरिद्म वास्तविक उड़ान से पहले ही परिपक्व हो जाते हैं।
कंपनी के अनुसार, हाई पर्फॉरमेंस कंप्यूटिंग और उन्नत जीपीयू आधारित सिमुलेशन भविष्य में प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस को भी सक्षम बनाएंगे, जिससे विमान के संभावित तकनीकी मुद्दों का पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा। विष्णु रामकृष्णन ने कहा कि यह सहयोग भारत में उन्नत कंप्यूटिंग आधारित विमानन प्रमाणन की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।
टोबियास हैलोरन (Tobias Halloran) ने कहा कि भारत का एआई स्टार्टअप इकोसिस्टम तेजी से आगे बढ़ रहा है और उन्नत कंप्यूटिंग व एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच नवाचार को गति दे रही है।
द ईप्लेन कंपनी The (ePlane Company) का मानना है कि स्वदेशी इंजीनियरिंग और वैश्विक तकनीकी साझेदारी के इस संयोजन से भारत इलेक्ट्रिक एविएशन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।