भारत की रिसर्च एवं डेवलपमेंट (R&D) आधारित इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल निर्माता ओबेन इलेक्ट्रिक (Oben Electric) ने अपनी नई Rorr Evo इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल की ग्राहक डिलीवरी शुरू कर दी है। कंपनी ने बेंगलुरु में आयोजित 'First to Rorr' डिलीवरी कार्यक्रम के तहत पहले ग्राहकों को मोटरसाइकिल सौंपी। आने वाले हफ्तों में देशभर के 150 शोरूम के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से डिलीवरी शुरू की जाएगी।
कंपनी के अनुसार, Rorr Evo ने मई 2026 में लॉन्च होने के बाद सिर्फ 15 दिनों में 25,000 से अधिक बुकिंग दर्ज की, जो इस श्रेणी में सबसे तेज मांग हासिल करने वाले मॉडलों में शामिल है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी 1 लाख इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल प्रति वर्ष उत्पादन क्षमता वाले प्लांट के जरिए डिलीवरी बढ़ा रही है।
ओबेन इलेक्ट्रिक का कहना है कि उसका वर्टिकली इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग मॉडल और 18 राज्यों के 90 से ज्यादा शहरों में 150+ शोरूम तथा ओबेन केयर सर्विस सेंटर ग्राहकों को बेहतर ओनरशिप अनुभव प्रदान करेंगे।
कंपनी की संस्थापक एवं सीईओ मधुमिता अग्रवाल ने कहा कि मांग हासिल करना एक उपलब्धि है, लेकिन समय पर ग्राहकों तक वाहन पहुंचाना ही भरोसा कायम करता है। उन्होंने कहा कि भारत एक 'मोटरसाइकिल-फर्स्ट' बाजार है और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का अगला चरण इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों से तय होगा। कंपनी का लक्ष्य ऐसी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें विकसित करना है जो परफॉरमेंस, विश्वसनीयता, सुरक्षा और उपयोग में किसी भी तरह का समझौता न करें।
रॉर इवो (Rorr Evo) की एक्स-शोरूम कीमत 1,24,999 रखी गई है। इसमें कंपनी की AI-आधारित SmartIQ™ राइड ऑप्टिमाइजेशन तकनीक दी गई है, जो रेंज को 15% तक बढ़ाने का दावा करती है। मोटरसाइकिल में 9 kW का इन-हाउस विकसित मोटर और 3.4 kWh LFP बैटरी दी गई है। यह 110 किमी/घंटा की टॉप स्पीड, 180 किमी की दावा की गई रेंज और 0-40 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 3 सेकंड में हासिल करने में सक्षम है। साथ ही, यह 90 मिनट में 0-80% फास्ट चार्जिंग और 8 साल की बैटरी वारंटी के साथ आती है।
फीचर्स की बात करें तो रॉर इवो (Rorr Evo) में 5-इंच कलर TFT डिस्प्ले, OTA अपडेट्स, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, जियो-फेंसिंग, रिमोट इमोबिलाइजेशन, फॉल डिटेक्शन और इमरजेंसी SOS जैसे कनेक्टेड फीचर्स कंपनी के ARGUS प्लेटफॉर्म के जरिए उपलब्ध कराए गए हैं।
ओबेन इलेक्ट्रिक अपने LFP बैटरी, मोटर, VCU, चार्जर और सॉफ्टवेयर सहित सभी प्रमुख ईवी कंपोनेंट्स का डिजाइन, विकास और निर्माण इन-हाउस करती है। कंपनी का कहना है कि इससे तकनीक, गुणवत्ता और सप्लाई चेन पर उसका पूरा नियंत्रण बना रहता है और वह देशभर में विस्तार के साथ ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के लिए तैयार है।