इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन निर्माता EKA Mobility ने राजस्थान सरकार के सहयोग से राज्य में इलेक्ट्रिक बसों की तैनाती शुरू कर दी है। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर में इलेक्ट्रिक बसों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह तैनाती कुल 876 इलेक्ट्रिक बसों के ऑर्डर के पहले चरण का हिस्सा है। यह ऑर्डर केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत दिया गया है, जिसका उद्देश्य उन शहरों में आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है, जहां संगठित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सीमित है।
ईका मोबिलिटी (EKA Mobility) ने यह परियोजना Chartered Speed के साथ संयुक्त कंसोर्टियम के रूप में हासिल की है। इस परियोजना के तहत Chartered Speed राजस्थान के आठ शहरों में इन 876 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, प्रबंधन और तैनाती की जिम्मेदारी संभालेगी।
नई इलेक्ट्रिक बसें मॉड्यूलर इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं और इनमें कनेक्टेड फ्लीट मैनेजमेंट सिस्टम के साथ जीरो टेलपाइप एमिशन तकनीक दी गई है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष इंटीग्रेटेड व्हीलचेयर लिफ्ट डोर सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे उन्हें बस में चढ़ने और उतरने में आसानी होगी।
ईका मोबिलिटी के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. सुधीर मेहता ने कहा कि राजस्थान में यह परियोजना कंपनी के इलेक्ट्रिक कमर्शियल फ्लीट विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि कंपनी हाल ही में अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश में भी अपनी इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का विस्तार कर चुकी है और देशभर में स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।