भारत की ऑटो कंपोनेंट निर्माता Sona BLW Precision Forgings (Sona Comstar) ने जापान की ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी DENSO Corporation के साथ दो संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) बनाने के लिए समझौता किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य इलेक्ट्रिक (EV) और हाइब्रिड वाहनों के लिए आधुनिक पावरट्रेन सिस्टम का विकास, निर्माण और बिक्री करना है।
दोनों कंपनियों का कहना है कि वे मिलकर ऐसे पावरट्रेन सिस्टम तैयार करेंगी जो बेहतर प्रदर्शन, उच्च गुणवत्ता, भरोसेमंद तकनीक और कम लागत वाले हों। DENSO अपनी इलेक्ट्रिफिकेशन तकनीक और रिसर्च का अनुभव लाएगी, जबकि Sona Comstar अपनी इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार की समझ का योगदान देगी।
दो अलग-अलग JV बनाए जाएंगे
पहला जॉइंट वेंचर इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों, कमर्शियल वाहनों और बड़े वाहनों के लिए हाई-वोल्टेज लिक्विड-कूल्ड ट्रैक्शन इन्वर्टर, ट्रैक्शन मोटर और जनरेटर विकसित करेगा। इसमें DENSO की 51% हिस्सेदारी होगी, जबकि सोना कॉमस्टार के पास 49% हिस्सेदारी रहेगी।
दूसरा जॉइंट वेंचर इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड दोपहिया और तीनपहिया वाहनों के लिए एयर-कूल्ड ट्रैक्शन इन्वर्टर, ट्रैक्शन मोटर, जनरेटर और e-Axle तैयार करेगा। इस JV में सोना कॉमस्टार की 51% हिस्सेदारी और DENSO की 49% हिस्सेदारी होगी। सोना कॉमस्टार इस इकाई का प्रबंधन भी संभालेगी। कंपनी ने बताया कि दोनों साझेदार अपनी तकनीक और बौद्धिक संपदा (IP) का उपयोग इन जॉइंट वेंचर्स में करेंगे। यह सौदा आवश्यक नियामकीय मंजूरियों के बाद पूरा होगा।
सोना कॉमस्टार (Sona Comstar) के मैनेजिंग डायरेक्टर और ग्रुप सीईओ विवेक विक्रम सिंह ने कहा, "यह साझेदारी हमारी कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। डेन्सो के साथ मिलकर हम इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड पावरट्रेन तकनीक को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे और अधिक ग्राहकों तक अपनी पहुंच बनाएंगे।"
वहीं, डेन्सो कॉर्पोरेशन (DENSO Corporation) के पावरट्रेन सिस्टम बिजनेस ग्रुप प्रमुख त्सुनेओ माएबारा ने कहा कि भारत इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए तेजी से उभरता हुआ बाजार है और यह साझेदारी दोनों कंपनियों की ताकत को जोड़कर ग्राहकों के लिए बेहतर इलेक्ट्रिफिकेशन समाधान उपलब्ध कराएगी।