इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट में टाटा मोटर्स ने FY26 की तीसरी तिमाही (Q3) में अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही रिटेल बिक्री दर्ज की। कंपनी की पैसेंजर व्हीकल और EV की कुल थोक बिक्री 1,71,000 यूनिट रही, जबकि रिटेल बिक्री पहली बार 2,00,000 यूनिट के पार पहुंच गई। यह बढ़त GST 2.0 और मजबूत फेस्टिव सीजन की मांग के कारण आई।
EV Vahan के आंकड़ों के मुताबिक, बाजार हिस्सेदारी में पहले गिरावट के बाद अब कंपनी 43.6 प्रतिशत की ग्रोथ के साथ आगे बढ़ रही है। Q3 में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए। Tata.ev ने कुल 2.5 लाख EV बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है और साल-दर-साल 24 प्रतिशत की बढ़त के साथ भारत में अपनी लीडरशिप बरकरार रखी है।
2026 की शुरुआत तक Nexon EV, Punch EV और Tiago EV की मजबूत बिक्री के कारण टाटा मोटर्स EV बाजार में अग्रणी बनी हुई है। दूसरे स्थान पर JSW MG Motor और तीसरे पर महिंद्रा है।
शैलेश चंद्र ने कहा, “बढ़ती प्रतिस्पर्धा बाजार के लिए अच्छी है क्योंकि इससे बाजार का विस्तार होता है। हमारी बाजार हिस्सेदारी एक समय 36 प्रतिशत तक गिर गई थी, लेकिन पिछले छह महीनों में हम फिर से करीब 46 प्रतिशत तक पहुंचने की स्थिति में हैं। हमारी रणनीति साफ है- हम नए प्रोडक्ट लॉन्च करेंगे, लेकिन हमारा पोर्टफोलियो सबसे ज्यादा व्यापक रहेगा। 8 लाख रुपये की एंट्री लेवल EV से लेकर 30 लाख रुपये तक की Harrier EV तक हमारे पास हर सेगमेंट के लिए विकल्प हैं।”
उन्होंने कहा कि अलग-अलग कीमत और साइज में उपलब्ध मॉडल कंपनी को बिक्री और बाजार हिस्सेदारी के मामले में मजबूत बनाए रखते हैं। साथ ही, हर प्रोडक्ट में लगातार सुधार कर ज्यादा रेंज और बेहतर वैल्यू देने पर काम किया जा रहा है।
EV की कीमतों को पेट्रोल-डीजल कारों के करीब लाना भी बाजार को बढ़ाने में मदद कर रहा है। कंपनी पांच नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की तैयारी में है। जल्द ही Sierra EV और Punch EV का नया फेसलिफ्ट वर्जन आएगा, जबकि अगले वित्त वर्ष में और नए मॉडल पेश किए जाएंगे।
चंद्र ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य पहले 40-45 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी का था, जिसे अब हासिल कर लिया गया है।
चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी टाटा मोटर्स तेजी से विस्तार कर रही है। देशभर में 1.5 लाख से ज्यादा होम/प्राइवेट चार्जर और 2,500 कम्युनिटी चार्जर लगाए जा चुके हैं। पार्टनर्स के साथ मिलकर 18,000 से 23,000 से ज्यादा पब्लिक चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं। कंपनी का लक्ष्य 2027 तक पब्लिक चार्जर्स की संख्या 4 लाख तक पहुंचाने का है।
चंद्र ने बताया कि 30,000 पब्लिक चार्जर्स का नेटवर्क टाटा पावर और अन्य चार्ज प्वाइंट ऑपरेटर्स के सहयोग से तैयार किया गया है। कंपनी ने भरोसेमंद और पारदर्शी वेरिफाइड चार्जर्स पर जोर दिया है। हाईवे पर फास्ट चार्जिंग के लिए Tata.ev मेगा चार्जर्स भी शुरू किए गए हैं।
आगे की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि GST 2.0 के बाद मांग में सकारात्मक रुझान दिख रहा है। नए प्रोडक्ट लॉन्च और Q4 में डिलीवरी शुरू होने के साथ, टाटा मोटर्स को FY27 में तेज ग्रोथ की उम्मीद है।