महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट SUV XUV 3XO का इलेक्ट्रिक वर्जन भारत में लॉन्च कर दी है। XUV 3XO EV की एक्स-शोरूम कीमत 13.89 लाख रुपये से शुरू होकर 14.96 लाख रुपये तक जाती है। कंपनी ने बताया कि इसकी डिलीवरी 23 फरवरी 2026 से शुरू होगी। इस इलेक्ट्रिक SUV का अनावरण राजस्थान के जैसलमेर में किया गया था।
कंपनी के अनुसार, XUV 3XO EV का टॉप वेरिएंट कई राज्यों में सरकारी प्रोत्साहनों के बाद पेट्रोल मॉडल के बराबर या उससे कम ऑन-रोड कीमत पर उपलब्ध हो सकता है। अप्रैल 2024 में लॉन्च हुई XUV 3XO अब तक लगभग 1.8 लाख यूनिट्स की बिक्री हासिल कर चुकी है और यह सेगमेंट की सबसे तेजी से बढ़ने वाली गाड़ियों में शामिल है। महिंद्रा का दावा है कि यह मॉडल जल्द ही 2 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा छू सकता है।
महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा, “XUV 3XO ने आकांक्षा और पहुंच को एक साथ लाकर सेगमेंट के नियम बदल दिए। XUV 3XO EV के साथ हम उसी सफल फॉर्मूले को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में आगे बढ़ा रहे हैं, ताकि ग्राहकों को रोज़मर्रा की जरूरतों के लिए एक भरोसेमंद EV मिल सके।”
XUV 3XO EV दो वेरिएंट्स—AX5 EV और AX7L EV—में उपलब्ध होगी। दोनों में 39.4 kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो 110 kW की पावर और 310 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के मुताबिक, इसका रियल-वर्ल्ड रेंज 285 किलोमीटर तक है। SUV 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार महज 8.3 सेकंड में पकड़ लेती है और इसमें Fun, Fast और Fearless—तीन ड्राइव मोड्स मिलते हैं।
13.89 लाख कीमत वाला AX5 EV वेरिएंट बिक्री का बड़ा हिस्सा बनने की उम्मीद है। इसमें 10.25-इंच के दो बड़े डिस्प्ले, LED प्रोजेक्टर हेडलैंप्स, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, वायरलेस चार्जिंग और कीलेस एंट्री जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए इसमें छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और रियर व्यू कैमरा शामिल है। इसके साथ महिंद्रा की Adrenox कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले भी मिलता है।
टॉप वेरिएंट AX7L EV की कीमत ₹14.96 लाख रखी गई है। इसमें पैनोरमिक सनरूफ, 17-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स, लेदरेट सीट्स, प्रीमियम सॉफ्ट-टच इंटीरियर, 7-स्पीकर Harman Kardon ऑडियो सिस्टम (Dolby Atmos के साथ), 360-डिग्री कैमरा और 65W USB-C फास्ट चार्जिंग जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं। यह वेरिएंट लेवल-2 ADAS से लैस है, जिसमें लेन कीप असिस्ट, अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, ऑटो इमरजेंसी ब्रेकिंग और ट्रैफिक साइन रिकग्निशन जैसे फीचर्स शामिल हैं।
दोनों वेरिएंट्स 50 kW DC फास्ट चार्जर से 50 मिनट में 80% तक चार्ज हो सकते हैं। इसके अलावा ₹50,000 में 7.2 kW का होम वॉल चार्जर भी उपलब्ध है। बेहतर राइड क्वालिटी के लिए इसमें फ्रीक्वेंसी-डिपेंडेंट डैम्पिंग सस्पेंशन और शहरी ड्राइविंग के लिए 10.6 मीटर का टर्निंग रेडियस दिया गया है।
महिंद्रा ने बताया कि XUV 3XO EV को खासतौर पर शहरों में रोज़ाना उपयोग करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह लॉन्च पेट्रोल और डीजल मॉडलों की जगह लेने के लिए नहीं, बल्कि ग्राहकों को अलग-अलग पावरट्रेन विकल्प देने की रणनीति का हिस्सा है। जैसे-जैसे भारत में कॉम्पैक्ट SUV और ईवी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है, महिंद्रा XUV 3XO EV को अपनी अहम पेशकश के तौर पर पेश कर रही है।