ऑल्टरनेटिव क्रेडिट प्लेटफॉर्म BlackSoil ने रूफटॉप सोलर फाइनेंसिंग पर केंद्रित ग्रीन एनर्जी फाइनेंसिंग प्लेटफॉर्म Credit Fair के सोलर फाइनेंसिंग कारोबार का अधिग्रहण कर लिया है। हालांकि, इस सौदे की वित्तीय शर्तों का खुलासा नहीं किया गया है। इस अधिग्रहण में 72.iB ने मर्जर एंड एक्विजिशन (M&A) सलाहकार की भूमिका निभाई।
इस सौदे के तहत, आवश्यक नियामकीय मंजूरियों के बाद BlackSoil, Credit Fair के सोलर फाइनेंसिंग बिजनेस, उसकी मैनेजमेंट टीम, टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म, ब्रांड और ऑपरेटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का अधिग्रहण करेगी। वर्तमान में Credit Fair के पास 152.6 करोड़ रुपये की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) है।
इस अधिग्रहण के साथ BlackSoil ने भारत के रिन्यूएबल एनर्जी फाइनेंसिंग सेक्टर में कदम रखा है। साथ ही, कंपनी ने अपने पार्टनर-आधारित B2B2C लेंडिंग इकोसिस्टम में भी विस्तार किया है। BlackSoil ने कहा कि वह सोलर इंस्टॉलेशन पार्टनर्स के साथ मिलकर काम करेगी और अंतिम ग्राहकों (End Customers) को आसान एवं निर्बाध (Seamless) फाइनेंसिंग समाधान उपलब्ध कराएगी।
BlackSoil के मैनेजिंग डायरेक्टर अंकुर बंसल ने कहा, "इस अधिग्रहण के जरिए हम अपने रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो को मजबूत कर रहे हैं और तेजी से बढ़ रहे B2B2C फाइनेंसिंग इकोसिस्टम में अपनी मौजूदगी बढ़ा रहे हैं। इससे हमें सोलर इकोसिस्टम से जुड़े पार्टनर्स के साथ मिलकर काम करने और ग्राहकों को आसान फाइनेंसिंग समाधान उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। हमें रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बड़ी संभावनाएं दिखाई देती हैं और हम Credit Fair द्वारा तैयार किए गए मजबूत आधार को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं।"
Credit Fair के फाउंडर और सीईओ आदित्य दमानी ने कहा, "हमने इस सोलर फाइनेंसिंग बिजनेस की शुरुआत लोगों के लिए रिन्यूएबल एनर्जी को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से की थी। अब हमें खुशी है कि यह कारोबार BlackSoil का हिस्सा बनने जा रहा है, क्योंकि कंपनी भी स्वच्छ ऊर्जा (Clean Energy) के लिए फाइनेंसिंग को अधिक लोगों तक पहुंचाने की हमारी सोच साझा करती है। हमें विश्वास है कि यह प्लेटफॉर्म अपने अगले विकास चरण के लिए पूरी तरह तैयार है और आज 80 मेगावाट (MW) की फाइनेंसिंग क्षमता से आगे बढ़कर भविष्य में 1 गीगावाट (GW) तक की वितरित रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता को समर्थन देने की क्षमता रखता है।"