AI-आधारित इवेंट डिस्कवरी और टिकटिंग प्लेटफॉर्म thumpN ने प्री-सीड फंडिंग राउंड में 37.5 लाख डॉलर (USD 3.75 Million) से अधिक की राशि जुटाई है। इस निवेश दौर में Paytm के संस्थापक विजय शेखर शर्मा, Paytm के CFO मधुर देओरा, Capitalmind के, को-फाउंडर श्रेय चंद्रा, Hyperlink Brand Solutions के संस्थापक वीजी जयराम, तथा मशहूर गायक अरिजीत सिंह, सुनिधि चौहान और बादशाह ने निवेश किया है।
वरुण खरे, श्रेयस और अलाप द्वारा स्थापित thumpN भारत में तेजी से बढ़ रहे लाइव इवेंट्स बाजार का लाभ उठाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के अनुसार, देश के 319 शहरों में हर साल 40,000 से अधिक लाइव इवेंट्स आयोजित होते हैं। इतने अधिक विकल्पों के कारण लोगों के लिए सही इवेंट चुनना मुश्किल हो जाता है, वहीं आयोजकों के लिए भी अपनी पहचान बनाना चुनौतीपूर्ण रहता है। सोशल मीडिया, एल्गोरिदम और विभिन्न मैसेजिंग ग्रुप्स पर बिखरी जानकारी के कारण सही इवेंट खोज पाना और भी कठिन हो जाता है।
इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने 'Shadow' नाम का AI आधारित कन्वर्सेशनल एजेंट विकसित किया है। यह पारंपरिक सर्च की बजाय सामान्य बातचीत के जरिए यूज़र्स की पसंद, जरूरत और संदर्भ (Context) को समझकर उनके लिए उपयुक्त लाइव इवेंट्स की सिफारिश करता है। Shadow विभिन्न स्रोतों से उपलब्ध इवेंट्स की जानकारी का विश्लेषण कर बेहतर सुझाव देने में सक्षम है।
कंपनी के अनुसार, इस प्लेटफॉर्म के पीछे कलाकारों, इवेंट प्रमोटर्स, वेन्यू एक्सपर्ट्स और विभिन्न संगीत एवं मनोरंजन क्षेत्रों के विशेषज्ञों का एक मजबूत नेटवर्क काम करता है। ये विशेषज्ञ लगातार नई जानकारियां साझा करते हैं, जिससे Shadow समय के साथ और अधिक सटीक तथा बेहतर सुझाव दे पाता है।
thumpN के सीईओ वरुण खरे ने कहा, "इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत एक सामान्य समस्या को देखते हुए हुई। आज लाइव इवेंट्स की जानकारी सोशल मीडिया, एल्गोरिदम, WhatsApp ग्रुप्स और लोगों की सिफारिशों में बिखरी हुई है। वहीं भारत का लाइव एंटरटेनमेंट बाजार तेजी से बढ़ रहा है और लोग AI आधारित बातचीत वाले प्लेटफॉर्म का अधिक उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में हमने इवेंट खोजने के अनुभव को पूरी तरह नया बनाने का फैसला किया।"
उन्होंने आगे कहा, "हम चाहते हैं कि thumpN का उपयोग करना बिल्कुल स्वाभाविक लगे। यूज़र Shadow से आसानी से पूछ सकते हैं, जैसे 'इस वीकेंड 1,500 रुपये से कम में कोई स्टैंड-अप शो बताइए' या 'रविवार को परिवार के साथ जाने के लिए कोई अच्छा इवेंट सुझाइए।' Shadow यूज़र की पसंद और जरूरत को समझकर सबसे उपयुक्त विकल्प सुझाता है। वहीं आयोजकों को भी अपने इवेंट्स को अधिक लोगों तक पहुंचाने और अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिलता है। thumpN की सफलता तभी संभव है, जब पूरा इवेंट इकोसिस्टम साथ मिलकर आगे बढ़े।"