Amazon Now का भारत के 100 शहरों तक विस्तार करने का प्लान

Amazon Now का भारत के 100 शहरों तक विस्तार करने का प्लान

Amazon Now का भारत के 100 शहरों तक विस्तार करने का प्लान
Amazon ने अपनी अल्ट्रा-फास्ट डिलीवरी सेवा ‘Amazon Now’ को भारत के 100 शहरों तक विस्तार देने की घोषणा की है। इसके जरिए कंपनी देश में अपने क्विक कॉमर्स नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है।


कंपनी ने बताया कि तेज डिलीवरी को बेहतर बनाने के लिए वह 1,000 से अधिक माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर्स का नेटवर्क भी तैयार करेगी। इससे मेट्रो शहरों के साथ-साथ गैर-मेट्रो बाजारों में भी ग्राहकों को तेजी से सामान की डिलीवरी मिल सकेगी।

फिलहाल Amazon Now मुंबई, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलुरु जैसे शहरों में उपलब्ध है। अब कंपनी इसे कोच्चि, अमृतसर, मैंगलोर, विशाखापत्तनम, लखनऊ, जयपुर और चंडीगढ़ सहित कई नए शहरों में शुरू करेगी। Amazon Now के जरिए ग्राहकों को किराना सामान, पर्सनल केयर उत्पाद और घरेलू उपयोग की वस्तुएं जैसे हजारों जरूरी सामान कुछ ही मिनटों में डिलीवर किए जाते हैं।

कंपनी का कहना है कि इस विस्तार का उद्देश्य ग्राहकों को तेज डिलीवरी के साथ ज्यादा उत्पाद विकल्प उपलब्ध कराना है। ग्राहक मिनटों में डिलीवरी होने वाले उत्पादों के अलावा उसी दिन डिलीवरी के लिए 10 लाख से ज्यादा और अगले दिन डिलीवरी के लिए लगभग 40 लाख उत्पाद चुन सकेंगे।

Amazon India में एवरीडे एसेंशियल्स के वाइस प्रेसिडेंट हर्ष गोयल ने कहा कि ग्राहक Amazon Now की तेज डिलीवरी, बेहतर कीमतों और बड़े उत्पाद चयन को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों से सीधे खरीदे गए ताजे उत्पादों की गुणवत्ता को भी ग्राहकों से अच्छा प्रतिसाद मिला है।

उन्होंने बताया कि कंपनी अब 100 शहरों तक विस्तार की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है, जिसे 1,000 से ज्यादा माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर्स का नेटवर्क सपोर्ट करेगा।

इस पहल से कृषि क्षेत्र को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी के अनुसार, 16,000 से ज्यादा किसानों को अमेजन के लॉजिस्टिक्स और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए सीधे ग्राहकों तक ताजे उत्पाद बेचने का मौका मिलेगा। हर्ष गोयल ने कहा कि यह विस्तार किसानों को ग्राहकों से अधिक प्रभावी तरीके से जोड़ने में मदद करेगा।

Amazon का यह विस्तार क्विक कॉमर्स सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आया है। कंपनी ने अपने संचालन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की भी घोषणा की है। इसके साथ ही कंपनी कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक कल्याण पर भी ध्यान दे रही है।

कंपनी का मानना है कि यह विस्तार भारत के अधिक शहरों में तेज डिलीवरी सेवाओं को मजबूत करेगा और ग्राहकों को बेहतर खरीदारी अनुभव प्रदान करेगा।


Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities