भविष्य की चुनौतियों के लिए शिक्षा में बदलाव जरूरी : स्किल और टेक्नोलॉजी पर फोकस

भविष्य की चुनौतियों के लिए शिक्षा में बदलाव जरूरी : स्किल और टेक्नोलॉजी पर फोकस

भविष्य की चुनौतियों के लिए शिक्षा में बदलाव जरूरी : स्किल और टेक्नोलॉजी पर फोकस
Entrepreneur India के National Education, Employability & EdTech Summit 2026 में शिक्षा जगत के विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।


नई दिल्ली में शिक्षा, रोजगार और एडटेक पर मंथन: शिक्षा, कौशल और तकनीक के बदलते परिदृश्य पर चर्चा के लिए आयोजित National Education, Employability & EdTech Summit 2026 में देश के शिक्षा और एडटेक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्र हुए। यह कार्यक्रम Entrepreneur India द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा के भविष्य और विद्यार्थियों को बदलती दुनिया के लिए तैयार करने पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत सचिन मार्या, एडिटोरियल डायरेक्टर, Entrepreneur India के उद्घाटन संबोधन से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा, रोजगार और एडटेक के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डाला और कहा कि आने वाले समय में शिक्षा प्रणाली को अधिक लचीला, नवाचार आधारित और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बनाना होगा।

शिक्षा के भविष्य पर विशेषज्ञों की चर्चा 

समिट के एक प्रमुख सत्र “The Future of Education: Preparing Learners for an Unpredictable World” में विशेषज्ञों ने शिक्षा प्रणाली में आवश्यक बदलावों पर अपने विचार साझा किए।

इस प्रमुख सत्र में ऋषिकेश पाटणकर, वाइस प्रेसिडेंट (गवर्नमेंट प्रोग्राम्स, इंडस्ट्री एवं एकेडेमिया कोलैबोरेशन, NSDC) ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है। उन्हें अनुकूलन क्षमता, आलोचनात्मक सोच और वास्तविक जीवन से जुड़े कौशल विकसित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई ऐसे करियर सामने आएंगे जो आज मौजूद नहीं हैं, इसलिए शिक्षा प्रणाली को विद्यार्थियों को भविष्य की अनिश्चित परिस्थितियों के लिए तैयार करना होगा।

शिक्षा और कौशल विकास का बढ़ता महत्व

पाटणकर ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों और उद्योग जगत के बीच मजबूत साझेदारी आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक अनुभव और रोजगार से जुड़े कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल तकनीक और एडटेक प्लेटफॉर्म शिक्षा को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

समिट में इन प्रमुख विशेषज्ञों की रही उपस्थिति 

इस अवसर पर शिक्षा, एडटेक और स्किलिंग क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। इनमें शामिल हैं: देविका नाडिग (को-फाउंडर एवं डायरेक्टर, Shikshangan), रंजना झा (कुलपति, Indira Gandhi Delhi Technical University for Women), विन्नी जौहरी (हेड- एजुकेशन, Microsoft Elevate), मुकुल रुस्तगी (फाउंडर एवं सीईओ, Classplus), प्रतीक शुक्ला (को-फाउंडर एवं सीईओ, Masai), प्रवीण कुमार राजभर (फाउंडर, Skilling You), तरुण आनंद (चांसलर एवं फाउंडर, Universal AI University) और शयान दासवर्मा (डायरेक्टर- इंडिया ऑफिस एवं हेड ऑफ मार्केटिंग, साउथ एशिया एवं MENA, Vita Student) आदि।

भविष्य के लिए कैसी हो शिक्षा

समिट में शामिल विशेषज्ञों का मानना था कि शिक्षा को केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता, टीमवर्क और डिजिटल समझ विकसित करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि स्कूल और विश्वविद्यालय समय के साथ शिक्षा प्रणाली में बदलाव लाते हैं और तकनीक व कौशल को प्राथमिकता देते हैं, तो भारत के युवा वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकते हैं।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities