बैटरी सर्कुलैरिटी और रिसोर्स रिकवरी कंपनी पीकएम्प ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप Curve Electric के साथ एक Service Level Agreement (SLA) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य Curve Electric के संचालन में इस्तेमाल होने वाली एंड-ऑफ-लाइफ बैटरियों के प्रबंधन को मजबूत करना और भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र में एक संरचित एवं अनुपालन-आधारित बैटरी सर्कुलर इकोसिस्टम तैयार करना है।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित Curve Electric अपने ई-बाइक रेंटल और बिक्री प्लेटफॉर्म के जरिए सस्टेनेबल मोबिलिटी को बढ़ावा दे रही है। समझौते के तहत पीकएम्प, कर्व इलेक्ट्रिक के संचालन से निकलने वाली पुरानी बैटरियों के कलेक्शन, रिवर्स लॉजिस्टिक्स और पर्यावरण के अनुकूल रीसाइक्लिंग की जिम्मेदारी संभालेगा।
इसके अलावा, पीकएम्प कर्व इलेक्ट्रिक का आधिकारिक बैटरी एक्सचेंज पार्टनर भी होगा। इसके तहत ग्राहक इस्तेमाल की जा चुकी ई-बाइक बैटरियों को एक संरचित बायबैक प्रोग्राम के जरिए बदल सकेंगे। इससे बैटरी रिप्लेसमेंट प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
पीकएम्प कर्व इलेक्ट्रिक की ESG और नियामकीय आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहयोग करेगा। कंपनी रीसाइक्लिंग सर्टिफिकेट और Extended Producer Responsibility (EPR) डॉक्यूमेंटेशन की सुविधा प्रदान करेगी। इसके जरिए बैटरियों की एंड-टू-एंड ट्रेसेबिलिटी सुनिश्चित की जाएगी और Battery Waste Management Rules, 2022 के तहत अनुपालन को मजबूत किया जाएगा।
पीकएम्प (PeakAmp) के को-फाउंडर और COO आदित्य सुधांशु ने कहा कि EV अपनाने के साथ जिम्मेदार बैटरी मैनेजमेंट का विस्तार भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि Curve Electric के साथ साझेदारी से एंड-ऑफ-लाइफ बैटरियों को कलेक्ट और रीसाइकिल कर सर्कुलर इकोनॉमी में वापस लाने के साथ ग्राहकों के लिए बैटरी रिप्लेसमेंट को भी आसान बनाया जा सकेगा।
कर्व इलेक्ट्रिक (Curve Electric) के सीईओ और को-फाउंडर शेख यामीन ने कहा कि यह साझेदारी केवल रीसाइक्लिंग समझौता नहीं, बल्कि सस्टेनेबल मोबिलिटी के भविष्य में रणनीतिक निवेश है। कंपनी के अनुसार, जैसे-जैसे उसका फ्लीट और रिटेल नेटवर्क देशभर में बढ़ेगा, पीकएम्प बैटरियों की ट्रेसेबिलिटी, अनुपालन और जिम्मेदार रिकवरी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह साझेदारी भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम में सर्कुलर इकोनॉमी को रोजमर्रा के संचालन का हिस्सा बनाने की बढ़ती आवश्यकता को दर्शाती है। बैटरी एक्सचेंज, अनुपालन-आधारित रीसाइक्लिंग और ESG सपोर्ट को एक साथ जोड़कर यह सहयोग बैटरी ट्रेसेबिलिटी को बेहतर बनाने, रिसोर्स रिकवरी को अधिकतम करने और बैटरी वेस्ट को अनौपचारिक रीसाइक्लिंग चैनलों में जाने से रोकने में मदद करेगा।