Plenitude ने Pininfarina के साथ मिलकर शुरू किया स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन कॉन्सेप्ट

Plenitude ने Pininfarina के साथ मिलकर शुरू किया स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन कॉन्सेप्ट

Plenitude ने Pininfarina के साथ मिलकर शुरू किया स्मार्ट चार्जिंग स्टेशन कॉन्सेप्ट
प्लेनिट्यूड ने अपनी इकाई प्लेनिट्यूड ऑन द रोड के माध्यम से पिनिन्फेरिना के साथ साझेदारी कर ईवी चार्जिंग स्टेशनों के लिए नया और आधुनिक डिज़ाइन कॉन्सेप्ट विकसित करने की घोषणा की है।

इटली की ऊर्जा कंपनी Plenitude ने अपनी सहायक कंपनी प्लेनिट्यूड ऑन द रोड (Plenitude On The Road) के माध्यम से प्रसिद्ध डिज़ाइन फर्म पिनिन्फेरिना (Pininfarina) के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। 3 मार्च 2026 को घोषित इस समझौते का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशनों के लिए एक नया और आधुनिक डिज़ाइन कॉन्सेप्ट तैयार करना है, जो अलग-अलग शहरी और क्षेत्रीय वातावरण में आसानी से अपनाया जा सके और स्पष्ट रूप से पहचान योग्य हो।

इस साझेदारी के तहत चार्जिंग स्टेशनों के डिज़ाइन, विकास और कार्यान्वयन का नेतृत्व पिनिन्फेरिना (Pininfarina) करेगा। इसमें हाई क्वालिटी वाले मैटीरियल, बेहतर एर्गोनॉमिक्स और आसपास के वातावरण के साथ बेहतर एकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, चार्जिंग के दौरान ड्राइवरों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कुछ अतिरिक्त सेवाओं को भी विकसित किया जाएगा, हालांकि इन सेवाओं के बारे में अभी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

समझौते के पहले चरण में, Plenitude On The Road के चार चार्जिंग पॉइंट इटली के Cambiano स्थित पिनिन्फेरिना (Pininfarina) मुख्यालय में स्थापित किए जाएंगे, जो Turin के पास स्थित है। इसमें दो 22 kW क्षमता वाले AC चार्जर और दो 50 kW क्षमता वाले DC फास्ट चार्जर शामिल होंगे। कंपनी के अनुसार यह पहल Pininfarina की ESG प्रतिबद्धताओं और पर्यावरणीय बदलाव की दिशा में उठाया गया कदम है।

प्लेनिट्यूड ऑन द रोड के सीईओ  पाओलो मार्टिनी ने कहा कि यह साझेदारी दो कंपनियों की पूरक विशेषज्ञताओं को एक साथ लाती है। उनके अनुसार, “हम तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं और यह सहयोग चार्जिंग स्पेस को नए तरीके से अनुभव करने में मदद करेगा, जिससे ई-ड्राइवरों को अधिक व्यक्तिगत सेवाएं मिल सकेंगी।”

पिनिनफेरिना के सीईओ पाओलो डेलाचा (Paolo Dellachà, CEO, Pininfarina) ने कहा कि कंपनी का इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के साथ जुड़ाव कई दशक पुराना है। उन्होंने कहा कि Plenitude के साथ मिलकर चार्जिंग स्टेशनों को अधिक स्वागतयोग्य, पहचान योग्य और पर्यावरण के अनुकूल स्थानों में बदलने का लक्ष्य है।

वर्तमान में Plenitude 15 से ज्यादा देशों में सक्रिय है और लगभग 23,000 ईवी चार्जिंग पॉइंट्स का नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी, जो Eni समूह के नियंत्रण में है, 5.8 GW नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के साथ 1 करोड़ ग्राहकों को ऊर्जा उपलब्ध कराती है और 2028 तक अपनी वैश्विक नवीकरणीय क्षमता को 10 GW तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती है।

वर्ष 1930 में स्थापित पिनिन्फेरिना (Pininfarina) ऑटोमोबाइल डिज़ाइन के लिए विश्व प्रसिद्ध है और बाद में आर्किटेक्चर, प्रोडक्ट डिज़ाइन और मोबिलिटी क्षेत्रों में भी विस्तार कर चुकी है। कंपनी ने अब तक 1,450 से अधिक ऑटोमोबाइल व मोबिलिटी प्रोजेक्ट्स और 750 से अधिक प्रोडक्ट व आर्किटेक्चरल प्रोजेक्ट्स पर काम किया है।

यूरोप में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में ऊर्जा कंपनियों और डिज़ाइन फर्मों के बीच इस तरह के सहयोग को उद्योग में इलेक्ट्रिक वाहनों को ज्यादा आकर्षक और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities