रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने फिनलैंड की प्रमुख फूड कंपनी Fazer के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां भारत में प्रीमियम ब्रांडेड चॉकलेट के निर्माण, मार्केटिंग और वितरण के लिए दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी करेंगी।
यह समझौता अलेक्जेंडर स्टब्ब (Alexander Stubb), राष्ट्रपति फिनलैंड, की भारत यात्रा के दौरान किया गया। इस साझेदारी का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना और Fazer की प्रसिद्ध चॉकलेट ब्रांड्स को भारतीय उपभोक्ताओं तक अधिक व्यापक रूप से पहुंचाना है।
इस साझेदारी के तहत Fazer की प्रीमियम चॉकलेट रेसिपी, विरासत ब्रांड्स और नवाचारपूर्ण उत्पाद पोर्टफोलियो को रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (Reliance Consumer Products Limited) के व्यापक डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के साथ जोड़ा जाएगा। आरसीपीएल के पास भारत में लगभग 30 लाख रिटेल आउटलेट्स तक पहुंच है और स्थानीय बाजार की गहरी समझ है।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के डायरेक्टर कृष्णकुमार ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय उपभोक्ताओं को दुनिया की बेहतरीन चॉकलेट उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे कंपनी के चॉकलेट व कन्फेक्शनरी व्यवसाय को भी गति मिलेगी।
वहीं क्रिस्टोफ़ विट्ज़थुम, प्रेजिडेंट और सीईओ, Fazer ने कहा कि यह साझेदारी कंपनी के लिए तेजी से बढ़ते भारतीय बाजार में अपने प्रीमियम उत्पादों को पेश करने का बड़ा अवसर है और इससे अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी गति मिल सकती है।
वर्ष 2022 में स्थापना के बाद से रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने चॉकलेट और कन्फेक्शनरी सेगमेंट में अपनी उपस्थिति मजबूत की है। कंपनी ने रावलगांव, टॉफ़ीमैन, पान पसंद( Pan Pasand) और लोटस चॉकलेट (Lotus Chocolates) जैसे प्रतिष्ठित भारतीय ब्रांड्स को पुनर्जीवित किया है, साथ ही Maliban, Nexba और PACE जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स को भी भारतीय बाजार में पेश किया है।
वहीं Fazer पहले से ही नॉर्डिक देशों, बाल्टिक क्षेत्र, पोलैंड और चीन में संचालन के साथ 40 से अधिक देशों में निर्यात करता है। कंपनी अपनी अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति के तहत नए बाजारों में अवसर तलाशने और अधिग्रहण व साझेदारी के जरिए अपने वैश्विक विस्तार को आगे बढ़ाने की योजना बना रही है।