WaveX ने 16 से 20 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस समिट में भाग लेने के लिए स्टार्टअप्स से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह समिट भारत के बढ़ते एआई इकोसिस्टम में नए और इनोवेटिव एआई समाधानों को दिखाने और सहयोग बढ़ाने का एक राष्ट्रीय मंच बनेगा।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का मुख्य ध्यान मीडिया, मनोरंजन और उभरती तकनीक में एआई समाधानों पर होगा। यह समिट एआई स्टार्टअप्स के लिए बिजनेस नेटवर्किंग और अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान करेगा।
समिट के दौरान, वेवएक्स स्टार्टअप्स के लिए एक विशेष प्रदर्शनी कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस प्रदर्शनी में चुने गए स्टार्टअप्स अपने एआई-आधारित उत्पाद और समाधान देश-विदेश के लोगों के सामने पेश कर सकेंगे। खासकर AVGC-XR और अन्य एआई उत्पाद बनाने वाले स्टार्टअप्स को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पवेलियन में प्रदर्शनी और बिजनेस नेटवर्किंग के अवसर मिलेंगे।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का पवेलियन मीडिया और मनोरंजन सेक्टर में नई और उभरती एआई तकनीक दिखाने का केंद्र बनेगा। यहां इनोवेटर्स, नीति निर्माता, इंडस्ट्री के लोग, निवेशक और वैश्विक साझेदार जुड़ेंगे, जिससे तकनीक और रचनात्मक इकोसिस्टम में सहयोग बढ़ेगा। यह समिट 2026 स्टार्टअप्स और मुख्य हितधारकों के बीच बेहतर जुड़ाव कर भारत के एआई नवाचार इकोसिस्टम को मजबूत करेगा।
WaveX के बारे में विस्तार से जानें
वेवएक्स, सूचना और प्रसारण मंत्रालय की “वेव्स” पहल के तहत एक स्टार्टअप एक्सेलेरेटर प्लेटफॉर्म है। यह मीडिया, मनोरंजन और भाषा प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम में नवाचार बढ़ाने पर केंद्रित है। यह स्टार्टअप्स, सरकारी संस्थानों और इंडस्ट्री के बीच सेतु का काम करता है।
वेवएक्स फोकस्ड हैकाथॉन, संरचित इंक्यूबेशन प्रोग्राम, मेंटरशिप और राष्ट्रीय मंच के जरिए बेहतरीन आइडियाज का समर्थन करता है। मजबूत इंक्यूबेशन इकोसिस्टम सुनिश्चित करने के लिए, वेवएक्स ने टी-हब हैदराबाद और आईआईटी दिल्ली के साथ साझेदारी की है।
इसके अलावा यह भारत में नौ इंक्यूबेशन केंद्रों में काम कर रहा है, जैसे: आईआईसीटी मुंबई, एफटीआईआई पुणे, एसआरएफटीआई कोलकाता, आईआईएमसी दिल्ली, आईआईएमसी आइजोल, आईआईएमसी अमरावती, आईआईएमसी ढेंकनाल, आईआईएमसी कोट्टायम और आईआईएमसी जम्मू आदि।