पहले Sunstone के नाम से जानी जाने वाली एडटेक कंपनी Elevate Education ने WestBridge Capital से सीरीज़ D फंडिंग के तहत 170 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इससे पहले, अगस्त 2022 में कंपनी ने सीरीज़ C फंडिंग के दौरान 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए थे। उस दौर का नेतृत्व भी WestBridge Capital ने किया था, जबकि मौजूदा निवेशक Alteria Capital भी इसमें शामिल हुआ था।
शिक्षा क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति
वर्ष 2019 में आशीष मुंजाल, अंकुर जैन और पीयूष नांग्रू द्वारा स्थापित गुरुग्राम में स्थित Elevate Education विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी कर छात्रों को बेहतर शिक्षा और करियर सहायता प्रदान करती है। कंपनी के LinkedIn प्रोफाइल के अनुसार, अब तक यह 15 से अधिक शहरों के 25 से अधिक संस्थानों में 20,000 से अधिक छात्रों को जोड़ चुकी है।
कंपनी इस नई पूंजी का उपयोग अपनी टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षमताओं को बेहतर बनाने, छात्रों की संख्या 60,000 तक बढ़ाने और साझेदार संस्थानों की संख्या को दोगुने से अधिक करने के लिए करेगी।
AI और तकनीक पर रहेगा फोकस
Elevate Education के, को-फाउंडर और सीईओ आशीष मुंजाल ने कहा, “भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली एक महत्वपूर्ण बदलाव के दौर से गुजर रही है। भविष्य में उच्च शिक्षा की पहचान केवल डिग्री देने वाले संस्थान से नहीं, बल्कि बेहतर सीखने के परिणाम देने वाले संस्थानों से होगी। AI के कारण उद्योगों में तेजी से बदलाव आ रहा है और नियोक्ताओं की अपेक्षाएं भी बदल रही हैं। ऐसे में संस्थानों को छात्रों की पढ़ाई, कौशल विकास और करियर तैयारी के तरीकों में लगातार बदलाव करना होगा।”
दीर्घकालिक विकास को लेकर निवेशकों का भरोसा
WestBridge Capital के, को-फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर संदीप सिंघल ने कहा, “हमारा मानना है कि Elevate Education भारत के शिक्षा क्षेत्र में सीखने की गुणवत्ता और उसकी उपयोगिता को बड़े स्तर पर बेहतर बनाने के महत्वपूर्ण अवसर पर काम कर रही है। हमें विश्वास है कि कंपनी दीर्घकालिक विकास के लिए मजबूत स्थिति में है।”