ज़ेलो इलेक्ट्रिक ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर नाइट+रानी एडिशन (Knight+ Rani Edition) का लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है। यह खास एडिशन बेबी पिंक कलर थीम में पेश किया गया है और इसकी देशभर में केवल 999 यूनिट्स ही उपलब्ध होंगी। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹69,990 तय की है।
कंपनी के अनुसार, Rani Edition को महिलाओं की आत्मविश्वास, स्वतंत्रता और आधुनिक शहरी मोबिलिटी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। स्कूटर में पेस्टल पिंक बॉडी के साथ सफेद पैनल और हल्के डिजाइन डिटेल्स दिए गए हैं, जो इसे अलग और आकर्षक लुक देते हैं।
ज़ेलो इलेक्ट्रिक (ZELO Electric) के को-फाउंडर आदित्य बाहेती (Aditya Baheti) ने कहा कि कंपनी हमेशा से मानती है कि गतिशीलता की स्वतंत्रता जीवन को बदल सकती है और रानी एडिशन (Rani Edition) उन महिलाओं को समर्पित है जो हर दिन आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। वहीं को-फाउंडर मुकुंद बाहेती (Mukund Baheti) ने कहा कि ‘रानी’ शब्द भारतीय संस्कृति में आत्मविश्वास और पहचान का प्रतीक है, और यही भावना इस विशेष एडिशन के डिजाइन में झलकती है।
यह लिमिटेड एडिशन स्कूटर कंपनी के Knight+ प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसे अगस्त 2025 में लॉन्च किया गया था और जिसे ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इसमें 1.8 kWh पोर्टेबल LFP बैटरी, 100 किमी तक की रेंज, 1.5 kW मोटर और 55 किमी/घंटा की टॉप स्पीड मिलती है।
स्कूटर में कई सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स भी दिए गए हैं, जैसे हिल होल्ड कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल, फॉलो-मी-होम हेडलैम्प, USB चार्जिंग पोर्ट और रिमूवेबल बैटरी, जिससे इसे कहीं भी आसानी से चार्ज किया जा सकता है।
कंपनी ने बताया कि Knight+ Rani Edition की बुकिंग देशभर में ZELO के अधिकृत डीलर नेटवर्क के माध्यम से शुरू हो चुकी है। सीमित संख्या में उपलब्ध होने के कारण कंपनी ने इच्छुक ग्राहकों को जल्द बुकिंग करने की सलाह दी है।